जम्मू-कश्मीर में एलजी ने सभी सरकारी दफ्तरों में तिरंगा फहराने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद संभागीय आयुक्त कार्यालय जम्मू ने सभी उपायुक्तों और विभागाध्यक्षों को अगले 15 दिनों के अंदर इन निर्देशों को लागू करने के लिए कहा है।
सरकार के निर्देशों के अनुसार अनंतनाग के जिलाधिकारी ने जिले में सभी सरकारी भवनों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए एक परिपत्र जारी किया। जिला सूचना एवं जनसंपर्क केंद्र द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इसका अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सभी जिला, क्षेत्रीय, तहसील और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
मालूम हो कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हाल ही में संभागीय आयुक्तों, जिला मजिस्ट्रेटों और एसपी के साथ बैठक की थी। इस बैठक के दौरान, उन्होंने जम्मू और कश्मीर के सभी 20 जिलों के डीसी, एसपी को सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि पहले जम्मू-कश्मीर के संविधान के आर्टिकल 144 के तहत लाल रंग का एक अलग झंडा ही राज्य का अपना झंडा कहलाता था। लेकिन अनुच्छेद 370 को रद्द किए जाने के बाद से अब जम्मू-कश्मीर में केवल भारत का तिरंगा झंडा फहराया जाता है।