कश्मीर में नागरिक सचिवालय दरबार मूव के तहत शुक्रवार को बंद हो रहा है, लेकिन जम्मू आधारित कर्मचारियों को बुधवार सायं पांच बजे से जम्मू जाने की अनुमति मिल गई। इनमें से कुछ कर्मचारी जम्मू के लिए रवाना भी हो गए हैं। ज्यादातर कर्मचारी गुरुवार सुबह जम्मू के लिए निकलेंगे।
आधारिक सूत्रों के अनुसार दिवाली के लिए सरकार ने जम्मू आधारित दरबार मूव के कर्मचारियों को दो कैजुअल लीव मुहैया कराई है। ऐसे में बुधवार सायं पांच बजे के बाद उन्हें जम्मू स्थित अपने घरों में लौटने की मंजूरी मिल गई। हालांकि कश्मीर आधारित कर्मचारी शुक्रवार को दरबार के कार्यालय बंद होने तक कश्मीर में ही रहेंगे।
चार नवंबर को जम्मू में दरबार सज जाएगा और राज्यपाल सहित उनके सलाहकार, नागरिक सचिवालय, पुलिस मुख्यालय सहित दरबार से जुड़े अन्य विभाग अगले छह माह तक जम्मू से ऑपरेट करेंगे। नागरिक सचिवालय नान गजटेड कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रउफ भट्ट के अनुसार कुछ जम्मू आधारित कर्मचारी अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं।
90 फीसदी कर्मचारी वीरवार सुबह जम्मू के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके अनुसार दिवाली के लिए दो कैजुअल लीव मिलने से जम्मू आधारित कर्मचारी खुश हैं। नागरिक सचिवालय में करीब 5500 कर्मचारी कार्यरत हैं। वहीं दरबार मूव के साथ करीब 10 हजार सिविलियन विभाग के कर्मचारी कश्मीर से जम्मू स्थानांतरित हो जाएंगे।