दरबार मूव की प्रक्रिया के तहत जम्मू में दरबार मूव से संबंधित सचिवालय समेत सप्ताह में पांच दिन काम करने वाले सरकारी कार्यालय 28 अप्रैल को बंद हो जाएंगे। जिन कार्यालयों में सप्ताह में छह दिन काम होता है, वह दफ्तर 29 अप्रैल को बंद होंगे। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दरबार मूव के कार्यालय आठ मई को खुलेंगे।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी विभागों से कहा गया है कि वह कामकाज के आखिरी दिन यह सुनिश्चित करें कि रिकार्ड अच्छे तरीके से पैक हों। सभी विभागों से कहा गया है कि वह अपनी एडवांस पार्टियां, जिसमें एक गजटेड अधिकारी और पांच नान गजटेड अधिकारी शामिल होंगे, को श्रीनगर में रिकार्ड प्राप्त करने के लिए श्रीनगर रवाना कर दें।
नागरिक सचिवालय के एसपी सुरक्षा से कहा गया है कि आदेश की उल्लंघना करने वाले विभागों की सूची सामान्य प्रशासनिक विभाग को सौंपे। जेकेएसआरटीसी से कहा गया है कि वह 29 और 30 अप्रैल को को कश्मीर आधारित कर्मचारियों को श्रीनगर पहुंचाने का प्रबंध करें और छह और सात मई को जम्मू आधारित कर्मचारियों को श्रीनगर पहुंचाया जाए।
जेकेएसआरटीसी जम्मू से श्रीनगर के लिए रिकार्ड को शिफ्ट करने के लिए ट्रक भी उपलब्ध करवाएगी। आदेश में कहा गया है कि कोई भी मूव कर्मचारी किसी भी तरह का सरकारी या नगर निगम का आवासीय आवास अधिकृत करके न रखे। हालांकि, पर्याप्त अलाटमेंट आर्डर से मूव कर्मचारी अपने परिवार के लिए ऐसा कर सकते हैं लेकिन इसके लिए उन्हें एस्टेट विभाग से मंजूरी लेनी होगी।
दरबार मूव कर्मचारियों को मूव टीए अलाउंस के तहत 15000 रुपये प्रति कर्मचारी दिए जाएंगे। मूव टीए कर्मचारियों को एडवांस में दिया जाएगा।
मूव कर्मचारियों को अप्रैल महीने का वेतन भी 21 अप्रैल को ही जारी कर दिया जाएगा। श्रीनगर में आठ मई को सुबह साढ़े नौ बजे सचिवालय समेत दरबार मूव कार्यालय खुलेंगे और शाम पांच बजे तक उनमें काम हुआ करेगा। सचिवालय के बाहर दरबार मूव से संबंधित कार्यालयों में सुबह दस से शाम चार बजे तक काम हुआ करेगा।