आरएस पुरा के गांव मेलोबाल में हुआ वार्षिक दंगल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। गांव मेलोबाल में शनिवार को वार्षिक दंगल का आयोजन हुआ। इसमें जम्मू-कश्मीर के साथ अन्य राज्यों से आए दिग्गज पहलवानों ने हिस्सा लेकर जौहर दिखाए। पहला मुकाबला आरएस पुरा के काका पहलवान और जम्मू के ओमकार के बीच हुआ। काफी देर चला मुकाबला बराबरी पर छूटा। दोनों पहलवानों में पुरस्कार बराबर बांट दिया गया।
दूसरा मुकाबला आरएस पुरा के अमित और जम्मू के बलकार पहलवान के बीच हुआ। इसमें पहलवान अमित ने जीत हासिल की। तीसरे स्थान के लिए पठानकोट के रमण और बिश्नाह के काका भिड़े। इस कुश्ती को रमण ने जीता। दंगल में महिला पहलवानों ने भी जौहर दिखाया। मौके पर बीडीसी चेयरमैन मीरां साहिब दिलीप कुमार, बॉर्डर कमेटी के प्रधान बलवंत सिंह खालसा और समाजसेवी चनन सिंह उपस्थित रहे। बीडीसी चेयरमैन ने कहा कि इस तरह के दंगलों के आयोजन से युवाओं को बहुत कुछ सीखने मिलता है। महिला पहलवानों ने भी बता दिया है कि वे भी किसी क्षेत्र में कम नहीं। उन्होंने स्थानीय महिला पहलवानों से अपील की कि वह खेलों में हिस्सा लें। मौके पर बॉर्डर समिति के प्रधान ने युवाओं से अपील की कि नशे जैसी बुरी आदतों से दूरी बनाकर रखें और खेलों की तरफ रुझान बढ़ाएं।