बड़ी माली की कुश्ती में पंजाब के ही पहलवान रोजी को दी पटखनी
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। अखनूर के गांव सुनैल में रविवार को दंगल कमेटी ने सरपंच प्रशांत सागर की देखरेख में वार्षिक दंगल करवाया। इसमें लगभग 70 मुकाबले करवाए गए। दंगल के दौरान डीएसपी (डीएआर) केडी भगत मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे।
दंगल में बड़ी माली की कुश्ती एक लाख 51 हजार रुपये की थी। इसके लिए अजनाला पंजाब के पुपिंदर और कपूरथला के रोजी पहलवान के बीच मुकाबला हुआ। इसमें पुपिंदर ने जीत हासिल की। दूसरी माली एक लाख 25 हजार रुपये की थी। इसमें मेजर पहलवान डेरा बाबा नानक और घणी पहलवान मलेरकोटला के बीच कुश्ती हुई। इस मुकाबले को मेजर पहलवान ने जीता। मुख्यातिथि ने युवाओं को प्रेरित किया कि नशे से दूर रहकर खेलों में अधिक रुचि लें। कमेटी के चेयरमैन सरपंच प्रशांत सागर ने बताया कि ऐतिहासिक दंगल में क्षेत्र के सभी लोगों का सहयोग रहा। मौके पर नवीन बक्शी, सुनील खजूरिया, यशपाल शर्मा, जोगिंदर चिब, आदि मौजूद थे।