राजोरी। बकरीद से एक दिन पूर्व रविवार को प्रशासन ने कर्फ्यू में दिन भर की ढील दी। राजोरी शहर और आसपास के इलाकों के बाजार खुले रहे। दिन भर जमकर खरीदारी हुई। लोगों में त्योहार का उत्साह देखते ही बन रहा था। खासकर मीट और मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
अनुच्छेद 370 हटाने की घोषणा होने के बाद राजोरी जिले में लगे सख्त कर्फ्यू में रविवार को बारह घंटे की ढील दी गई, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली। सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक राजोरी और आसपास के इलाकों के बाजार पूरी तरह से खुले रहे। हालांकि शनिवार को बाजार की कई दुकानें खुल गई थीं। लेकिन रविवार को जनजीवन सामान्य-सा दिख रहा था।
सभी जगह शांति बनी रही। हालांकि सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त अभी भी हैं। पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के जवानों की चप्पे-चप्पे पर नजर है। इस बीच बकरीद को लेकर जमकर खरीदारी की गई। खास कर मिठाइयाें और मांस की दुकानों पर भारी भीड़ रही।
फल-सब्जियां भी खूब खरीदे गए। त्योहार के अवसर पर बाजार खुल जाने से लोगों में काफी खुशी देखी जा रही थी। बारह घंटे की ढील मिलने से जनजीवन लगभग सामान्य हो गया। रात का कर्फ्यू अभी जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की है। सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही कर्फ्यू को पूरी तरह से खत्म कर दिया जाएगा।
सवा लाख रुपये तक के भेड़-बकरे बिके
बकरीद पर कुर्बानी के लिए भेड़-बकरों की जमकर खरीदारी हुई। 30 हजार रुपये से लेकर सवा लाख रुपये तक के बकरे और भेड़ बिके। बकरों की खरीदारी के लिए उत्साह देखते ही बन रहा था। दूसरी तरफ ईदगाह में भी सामूहिक नमाज की तैयारी कर ली गई।