आरएस पुरा। कस्बे के गुरुरविदास मंदिर से श्री गुरु रविदास के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकाली गई। इसे मीरां साहिब ब्लाक वीडीसी चेयरमैन दलीप कुमार ने झंडी दिखा रवाना किया। इस दौरान गुरदीप गिरी विशेष तौर पर मौजूद रहे। दो पहिया वाहन पर सवार युवा आगे चले और सैकड़ों की संख्या में शामिल संगत ने गुरु रविदास का गुणगान किया। युवाओं से गुरु जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया।
शोभायात्रा में शामिल गुरु की पालकी को विशेष तौर पर सजाया गया। इस दौरान चौहाला, गेगिया, ठिकरिया, कोटली अर्जुनसिंह, कुल्लिया, लिंक रोड, टाली मोड आदि में कई गेट बना कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। मीरां साहिब के बाजार से होते हुए कृष्णा नगर, मरालिया, खुशका, शेरगढ़ आदि गांव से होते हुए शोभायात्रा गुरु रविदास एसएस ट्रस्ट सिकंदरपुर कोठे मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान कई स्थानों पर लोगों द्वारा खानपान के स्टाल लगा संगत को जलपान कराया गया। गुरदीप गिरी ने संगत को गुरु रविदास के प्रकाशोत्सव की मुबारकबाद देते हुए गुरू जी के बताए रास्ते पर चल सबका भला करने के लिए कहा। उन्होंने नौ फरवरी को जयंती पर लोग अपने घरों में रोशन करने के साथ गुरू रविदास जी की सुबह व शाम को आरती करने के लिए कहा। इस दौरान गुरु रविदास सत्संग सोसायटी आरएस पुरा, बिश्नाह व आरएस पुरा की ओर से शोभायात्रा में शामिल भक्तों व क्षेत्र के लोगों ने स्टाल लगा जलपान कराए जाने पर आभार जताया।
इस दौरान गुरु रविदास सभा के प्रधान अजय कुमार, पूर्व प्रधान सुदेश कुमार गोगी, उपप्रधान बुआदित्ता सचिव पुरुषोत्तम लाल, कोषाध्यक्ष रवि कुमार, मोहन कुंडल आदि मौजूद थे।