आरएस पुरा। कस्बे के बाल आश्रम और नारी निकेतन के बच्चों संग रविवार को लोहड़ी का पर्व मनाया गया। इसके साथ उन्हें उपहार स्वरूप फल व रेवड़ियां दी गईं। इस दौरान बच्चों को लोहड़ी पर्व की शुभ कामनाएं दिए जाने के साथ उनके बेहतर भविष्य की कामना की गई।
बाल आश्रम और नारी निकेतन में समाजसेवी रमेश चौधरी और संजीव गुप्ता की मौजूदगी में लोहड़ी हर्षोल्लास से मनाई गई। इस दौरान बच्चे ढोल की थाप पर मस्ती में झूमे। बच्चों ने आग जलाकर विधि पूर्वक पूजा कर अर्घ्य दिया। संजीव गुप्ता ने कहा कि शरद ऋतु में इन दिनों खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पक कर तैयार होने पर मौसम में बदलाव आना शुरू हो जाता है। यहां रहने वाले बच्चों को विरासत में मिली संस्कृति के बारे में अवगत कराना अहम होने पर वह अपने साथियों के साथ लोहड़ी मनाने यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि लोहड़ी पर्व पर मूंगफली, रेवड़ियां, चिड़वे, फल आदि बांटे जाते हैं। समाजसेवी रमेश चौधरी ने कहा कि समाज के दूसरे लोगों को भी चाहिए कि बेसहारा लोगों के बीच पहुंच अपनी खुशियां उनके साथ साझा करें ताकि उन्हें यह महसूस न हो कि वह अकेले नहीं सभी लोग उनके साथ हैं।
इस दौरान बाल आश्रम के सुपरिंटेंडेंट विक्रांत नरवालिया, जनक राज, तिलक राज, बलकार सिंह, विक्रम चौधरी, जय विजय, अनिल कुमार, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
लोगों ने की जमकर खरीदारी
--------------
अखनूर। सीमावर्ती क्षेत्र में लोहड़ी पर्व मनाने के लिए लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार में लोगों की आवाजाही बड़ी संख्या में रही। अखनूर कस्बे में सुबह से ही लोगों की भीड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ मूंगफली और मेवे की दुकानों में रही। ठंड के प्रकोप के बावजूद बाजार में भीड़ रही। बाई पास रोड पर कई बार जाम की स्थिति रही। दुकानदार मंगा राम ने कहा कि लोहड़ी पर्व के लिए खरीदारी करने वालों की बाजार में भीड़ रही। संवाद