सांबा। नवरात्रि पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने सोमवार को चीची माता मंदिर में पहुंच कर हवन में भाग लिया। हवन के बाद उन्होंने माथा टेक कर महामाई का आशीर्वाद लिया।
प्रथम नवरात्रि पर श्रद्धालुओं का सुबह चार बजे ही आना जाना शुरू हो गया। जो दिन भर चलता रहा। स्थानीय पुलिस की ओर से भी कड़े प्रबंध किए गए। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस के जवान सादी वर्दी में मंदिर के अंदर व बाहर घूम रहे थे। मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस जवान कड़ी निगरानी कर रहे थे। महिला पुलिस कर्मी भी पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार धार्मिक स्थलों में मेले के दौरान कई प्रकार के असामाजिक तत्व पहुंच जाते हैं। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे थे।
थाना प्रभारी दीपक जसरोटिया के अनुसार उनके उच्च अधिकारियों की ओर से पुलिस जवानों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी देने के निर्देश जारी किए गए हैं। चीची माता मंदिर के मुख्य द्वारा के बाहर बैठे भिखारियाें को भी दूर रखा गया है। कई बार श्रद्धालुओं के कपड़े पकड़ लेते हैं। उन पर भी पुलिस जवानों की नजर है। चीची माता मंदिर परिसर के चारों ओर पुलिस का कड़ा पहरा रखा गया है।
मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना की गई
विजयपुर। प्रथम नवरात्रि के साथ ही विजयपुर के सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई है। मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना की गई। मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया। मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई । सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों में देखने को मिली। मंदिरों में जागरण का दौर भी शुरू हो गया है। प्रशासन की ओर से भी सभी प्रबंध किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात किया गया। विजयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग सतरा मील स्थित सीताराम लक्ष्मी हनुमान और माता वैष्णो के मंदिरों में काफी भीड़ थी। पुलिस ने भी अपनी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी, ताकि कोई बड़ी घटना न घटे। संवाद
पंजगराई मां भगवती रथ यात्रा निकाली
ज्यौड़ियां। तहसील के गांव मललें पुल के नजदीक से प्रथम नवरात्रि को पंजगराई मां भगवती की रथयात्रा मां के भक्तों की तरफ से उल्लास से निकाली गई। यात्रा में क्षेत्र के हजारों भक्त शामिल हुए। यात्रा निकालने से पूर्व उपस्थित भक्तों की तरफ से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। मां भगवती की जय, भारत माता की जय के जयकारे लगाए गए। उसके बाद पंडाल में मां के दर्शन हुए। इस मौके पर पंजगराई मां भगवती दरबार कमेटी की तरफ से समाजसेवी व भाजपा नेता डॉक्टर पुरुषोत्तम लाल सहित कई लोगों को मां की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया। उसके पश्चात यात्रा निकाली गई। यात्रा में क्षेत्र के हजारों भक्तों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया और मां के जयकारे लगाए। यात्रा मललें खड्ड मैदान से शुरू हुई और गांव जड़ से होती हुई मां भगवती के दरबार पंजगराई में संपन्न हुई। यात्रा में डीडीसी उपाध्यक्ष सूरज सिंह, भूषण बराल, मनमोहन सिंह, जगननाथ शरमा आदि शामिल रहे। संवाद
खौड़ में भगवती जागरण कल
ज्यौड़ियां। खौड़ में पांचवां भगवती जागरण बुधवार (28 सितंबर) को आयोजित किया जा रहा है। जागरण कमेटी खौड़ की तरफ से हर बार की नवरात्र पर जागरण का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आरती मल्होत्रा और सोनू मल्होत्रा गायक रहेंगे। जागरण का आयोजन ओल्ड बीडीओ कार्यालय मैदान में होगा। संवाद
कंजक पूजन करके साख लगाई
अखनूर। सीमावर्ती क्षेत्र में सोमवार को पहले नवरात्रि पर क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना करके आस्था व्यक्त की। घरों में लोगों ने परिवार की सुख शांति के लिए कंजक पूजन करके साख लगाई। कस्बे में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही। राजा बाजार, मेन चौक, बस अड्डा सहित अन्य बाजारों में सुबह से ही लोगों की आवाजाही रही। रामपाल ने बताया अखनूर में नवरात्रि में पहली बार लोगों की आवाजाही अधिक हो रही है। बाजारों में चहलपहल से पहले की तरह से शुरू हो गई। संवाद