नहर में रुका पानी व गंदगी दिखाते हुए क्षेत्र के ग्रामीण ।
मीरां साहिब। दो माह से मुख्य रणबीर नहर टूटने पर 10 डी रणबीर नहर कूड़े से पटी है। इस कारण लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नहर के आसपास रहने वाले ग्रामीणों व दुकानदारों का कहना है कि एक और लोगों द्वारा नहर में कूड़ा करकट फेंका जा रहा है दूसरी ओर औरों का गंदा पानी दूषित होने पर नहर के पास से निकल पाना भी मुश्किल बन गया है ।
गांव कृष्णा नगर में स्थित नहर के किनारे के दुकानदार सुभाष डोगरा का कहना है कि उनकी दुकान के साथ दुर्गा माता का मंदिर भी है। सुबह-शाम मंदिर आने वाले लोगों को नहर में से दुर्गंध आने पर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में नहर विभाग के अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, इसके बावजूद भी कोई समाधान नहीं किया जा रहा।
पंच रुचि डोगरा का कहना है कि कई लोगों ने अपने घरों में बने शौचालयों की पाइपों तक नहर में डाल रखी। ऐसे में नहर में रुका हुआ पानी होने पर कई प्रकार की बीमारियां फैलने का भय बना हुआ है। नहरी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं करने पर ऐसा हो रहा है।
पंच रोहित कुमार का कहना है कि नहर के किनारे गंदगी फैली होने पर इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। दूसरी ओर नहर में रुका गंदा पानी होने पर बहा से निकल पाना भी मुश्किल बना हुआ है।
-------
ऐसे लोगों की सूची बनाई गई है, जिन लोगों ने नहर किनारे अतिक्रमण किया हुआ है। शौचालय की पाइपें डाल रखी हैं। इस संबंध में उपायुक्त को रिपोर्ट बनाकर भेजी गई है। शीघ्र ही ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। समय-समय पर लोगों को नहर में कूड़ा करकट फेंकने के लिए मना करने के साथ जागरूक किया जाता है। कई स्थानों पर पोस्टर भी लगाए गए हैं।
-विनोद मेहरा, एईई, नहर विभाग