शहीद राइफल राइफलमैन शुभम शर्मा को याद किया
आरएस पुरा। कश्मीर के नौगाम सेक्टर में सीमा की रक्षा करते हुए वर्ष 2020 में शहीद हुए 8 जैक राइफल राइफलमैन शुभम शर्मा को शनिवार को दूसरे शहीदी दिवस पर उनके पैतृक गांव शेखे चक में श्रद्धांजलि देकर याद किया। इस मौके पर एसडीपीओ सुरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी पवन कुमार डोगरा, सरपंच सुरजीत चौधरी सहित शहीद के परिजन मौजूद रहे।
इसके अलावा सेना की मद्रास यूनिट के जवानों तरफ से भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर गंगाधर शास्त्री जी महाराज द्वारा सत्संग किया गया, उन्होंने शहीद आत्मा के लिए प्रार्थना करने के साथ भक्तजनों को कथा का रसपान कराया। सरपंच सुरजीत चौधरी ने कहा कि शहीद शुभम शर्मा के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने देश की रक्षा की खातिर प्राणों का त्याग दिया। सरपंच ने कहा कि जो लोग देश की रक्षा करते शहीद हो जाते हैं वह सदा के लिए अमर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सारा देश हमेशा शहीदों का कर्जदार रहेगा, जिन्होंने प्राणों का बलिदान देकर माता-पिता व क्षेत्र का नाम रोशन किया।