मीरां साहिब। गांव कोटली शाहदौला के सरपंच बद्रीनाथ की अध्यक्षता में संविधान निर्माता डॉ. भीम राव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शामिल ग्रामीणों ने बाबा साहेब की तस्वीर पर फूलमलाएं अर्पित कर उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज के जरूरतमंद लोगों की बेहतरी के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
सरपंच बद्रीनाथ ने कहा कि बाबा साहब ने देश के लोगों को समान अधिकार दिया। जाति प्रथा के भेदभाव को दूर करने के लिए उन्होंने जो प्रयास किए उससे हम सबको प्रेरणा लेनी चाहिए, ताकि एक मजबूत समाज का गठन हो और देश के लोगों की बेहतरी हो सके।
सरपंच अशोक कुमार, पूर्व सरपंच चौ. वचन सिंह, किसान नेता चौ. मोहन सिंह ने कहा कि आज शिक्षा सबके लिए महत्वपूर्ण होने पर हर वर्ग के लोगों को चाहिए कि वह बच्चों को शिक्षित करें, ताकि देश में फैला अंधकार दूर हो सके। देश के दलित, गरीब और जरूरतमंद लोगों को उनका हक मिलना चाहिए, ताकि वह आगे बढ़ सकें। इस दौरान कार्यक्रम में सैकड़ों लोग मौजूद थे।