अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। तिब्बती धर्मगुरु परमपावन दलाई लामा का जन्मदिन रविवार को लेह में श्रद्धा और सादगी के साथ मनाया गया। समारोह का आयोजन लद्दाख बौद्ध संघ, लद्दाख गाेंपा संघ और सोनमलिंग तिब्बती बस्ती के मुख्य प्रतिनिधि कार्यालय की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में श्रद्धेय द्रुकपा थुकसे रिनपोछे शामिल हुए। धार्मिक गुरुओं, सरकारी अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं और सामूहिक प्रार्थना के साथ दलाई लामा के दीर्घायु की कामना की गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि दलाई लामा का जीवन शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश देता है। आयोजन शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।