विजयपुर में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सरपंच की मौत पर दो मिनट का मौन रखे हुए।
विजयपुर। कांग्रेस नेता राजन शर्मा की देखरेख में मंगलवार को एक बैठक हुई। इस दौरान श्रीनगर, अनंतनाग के युवा सरपंच अजय पंडिता की हत्या पर सरकार के खिलाफ विरोध जताया गया। राजन शर्मा ने कहा कि सरकार पंचों-सरपंचों और जनता को सुरक्षा देने में नाकाम हो चुकी है। यही कारण है कि आज पंचों, सरपंचों पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंच-सरपंच मांग कर रहे हैं कि हम लोगों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए, लेकिन सुरक्षा के नाम पर खिलवाड़ किया जा रहा है। जिस कारण पंचों सरपंचों की हत्या की जा रही है। उन्होंने मांग की कि इन लोगों को सुरक्षा दी जाए ताकि अपना काम ईमानदारी से कर सकें। उन्होंने कहा कि केंद्र और मुर्मू सरकार जम्मू-कश्मीर की जनता पर टैक्स पर टैक्स लगा रही है और सुरक्षा के नाम पर खिलवाड़ कर रही है। अगर जनता ही नहीं रही तो टैक्स किस पर लगाएगी। उन्होंने मांग की कि सबसे पहले जम्मू-कश्मीर के लोगों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। इस मौके पर उन्होंने अजय पंडिता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। बैठक में विशाल वर्मा, रकविंदर संब्याल, आशीश कुमार, जगदीप सिंह आदि मौजूद थे। संवाद