अखनूर उपराज्यपाल के समक्ष जल्द रखेगें संस्कृत विभाग स्थापना एवं आदर्श महाविद्यालय का मुद्दा : श?
अखनूर। जम्मू-कश्मीर में संस्कृत संस्थाओं की कमी के कारण संस्कृत-छात्रों को पर्याप्त अवसर तथा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसी विषय को लेकर कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में भाजपा प्रदेश उपप्रधान शाम लाल शर्मा को ज्ञापन सौंपा। कहा कि प्रदेश के छात्रों के लिए संस्कृत अध्ययन का अवसर तो स्वप्न सा हो गया है। इसका प्रमुख कारण श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (ककरयाल) कटड़ा में संस्कृत विभाग का न होना है।
इसे देखते हुए कटरा में संस्कृत विभाग की स्थापना कर इसी सत्र एमए की पढ़ाई प्रारंभ कराई जाए, जिसमें स्पेशलाइजेशन के रूप में कश्मीर-शैवदर्शन, शाक्त पद्धति, ज्योतिष, संस्कृत व्याकरण, संस्कृत साहित्य (मम्मट, कल्हण, विल्हण) आदि विषयों का समावेश किया जाए। यदि आर्थिक स्थितियां अनुकूल न हों तो श्राइन बोर्ड की तरफ से संचालित गुरुकुल से पीएचडी धारित आचार्यों को प्रतिनियुक्त कर भी यह व्यवस्था चलाई जा सकती है। इससे वैदिक संस्कृति और प्राचीन संस्कृत की मूलभूमि माने जाने वाले इस राज्य के लिए अत्यन्त श्रेयस्कर होगा और राज्य में अब तक एक भी संस्कृत संस्था को वित्तपोषित आदर्श महाविद्यालय का दर्जा प्राप्त नहीं हुआ है। इस अवसर पर शाम लाल शर्मा ने प्रतिनिधि मंडल से कहा कि वह जल्द ही उपराज्यपाल से भेंट कर यह मांग उनके समक्ष रखेंगे। प्रतिनिधि मंडल में सुमन लाल शास्त्री एवं सुनील शर्मा उपस्थित रहे।