जम्मू। सरूईंसर-मानसर महोत्सव का शनिवार को सरूईंसर झील के किनारे रंगारंग शुभारंभ हुआ। स्कूलों व कालेजों के विद्यार्थी उद्घाटन समारोह के भागीदारी बने। वहीं स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अलावा लेजर शो आकर्षण का केंद्र रहा।
मुख्य सचिव डा अरुण कुमार मेहता ने मंडलायुक्त रमेश कुमार की मौजूदगी में कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सौ से ज्यादा स्कूलों व कालेजों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। पर्यटन निदेशक विवेकानंद राय ने इस अवसर पर कहा कि सरूईंसर झील की खूबसूरती पर्यटकों को आकर्षित करती रही है।
ऐसे में विभाग ने इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी जरूरी कदम उठाना शुरू किया है। इस अवसर पर नेचर वॉक में भी लोगों ने हिस्सा लिया। जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति और भाषा अकादमी के कलाकारों की तरफ से पेश किए गए डोगरा लोक नृत्य व गीतों ने भी खूब वाहवाही लूटी। इसी तरह रविवार 18 सितंबर को मानसर झील के किनारे महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।