ज्यौड़ियां। एसडीएम खौड़ अनिल कुमार ठाकुर ने गांव घरड़ में क्रॉसिंग प्वाइंट पर महिला पुलिस कर्मी को तैनात करने के लिए उपायुक्त को पत्र भेजा है। उन्होंने अनुरोध किया है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और गेट पर महिला पुलिस कर्मी तैनात की जाए।
एसडीएम ने बताया कि सोमवार को जब गांव के लोग सरपंच ज्योति देवी के नेतृत्व में हमसे मिले। तो इस मामले में उपायुक्त से बात की। आज मंगलवार को इस मामले को उपायुक्त और एसएसपी के सामने रखा गया है। उमीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। बता दें कि सोमवार को खौड़ के गांव घरड़ के लोगों के एक प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर से मुलाकात की। इसमें लोगों ने एसडीएम को अवगत कराया कि सीमा पर खेत में जाने वाले क्रॉसिंग प्वाइंट पर चेकिंग करने के लिए महिला पुलिस कर्मी को तैनात किया जाए। सरपंच ने एसडीएम को बताया था कि गांव घरड़ के लोगों की खेती योग्य भूमि फेंसिंग के आगे है और आगे जाने के लिए सेना की तरफ से बनाए गए चेकिंग प्वाइंट पर खेती करने जाने वाले हर किसान व उसके परिवार के लोगों की चेकिंग की जाती है, लेकिन चेकिंग प्वाइंट पर महिलाओं की चेकिंग करने के लिए महिला पुलिस कर्मी नहीं है। जो पहले महिला पुलिस थी, वह सेवानिवृत्त हो गई है। अब महिलाओं की चेकिंग करने के लिए कोई भी महिला कर्मी तैनात नहीं है।