संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कस्बे के बुधवानी के भगवान जगन्नाथ मंदिर के मैदान पर यज्ञ सम्राट संत बाल योगेश्वर महाराज की देखरेख में 26 जनवरी से शहीदों की याद में शुरू हुए 100 कुंडीय अति महाविष्णु यज्ञ का रविवार को पूर्ण आहुति के साथ समापन हो गया। अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आहुति देने के लिए पहुंचे। यज्ञशाला में भी भीड़ बनी रही।
शहीदों के परिवारों ने भी पहुंच कर आहुति दी। शहीद वरुण काटल के परिजनों के अनुसार उन्हें काफी सुकून मिला है। वह प्रत्येक दिन हवन कुंड में बैठ कर आहुतियां देते आ रहे हैं। कारगिल शहीद हवलदार दिलेर सिंह, शहीद कमांडो हवालदार मदन लाल, शहीद डीएसपी प्रवीन कुमार शर्मा, शहीद नायक देवराज, शहीद लेफि्टनेंट सुशील खजूरिया के परिजनों ने भी यज्ञ में पहुंच कर आहुतियां दी। यज्ञ के अंतिम दिन कन्या पूजन किया गया। कन्याओं को लाल चुनरी भेंट कर उन्हें दक्षिणा दी गई। संत बाल बाल योगेश्वर दास ने कहा कि यज्ञ कन्या पूजन के साथ ही संपन्न होता है। शहीदों की याद में हुए अति महाविष्णु यज्ञ के अंतिम दिन चापर से पुष्प वर्षा की गई। श्रद्धालुओं के जन समूह के बीच चापर द्वारा पुष्प वर्षा किए जाने के दृश्य ने सभी का मन मोह लिया। संत बाल बाल योगेश्वर महाराज मंच पर खड़े होकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन कर रहे थे। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी यज्ञ में पहुंच कर आशीर्वाद लिया।
रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना, उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने भी पूर्ण आहुति दी। पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, आरएस चिब ने भी यज्ञ में पहुंच कर संत बाल बाल योगेश्वर से भेंट की,। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, देवेंद्र राणा, चौधरी लाल सिंह, अंकुर शर्मा, पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह स्लाथिया, कांग्रेस के पूर्व मंत्री रमण भल्ला, संजीव शर्मा आदि ने भी यज्ञ में पहुंच कर बाल बाल योगेश्वर से भेंट कर आशीर्वाद लिया। यज्ञ में श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई।