अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे की गोलीबारी पिछले साल के मुकाबले इस साल चार गुनी बढ़ी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले पांच साल में यह सबसे ज्यादा है। इस गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। इस साल उसके 12 जवान शहीद हुए हैं, जबकि 40 जख्मी हुए हैं।
आंकड़ों के मुताबिक इस साल सितंबर तक जम्मू सेक्टर में सीमा पार से गोलीबारी की 498 घटनाएं हुई। जबकि पिछले साल इसकी संख्या 111 थी। वहीं 2016 में 204, 2015 में 350 और वर्ष 2014 में गोलीबारी की 127 घटनाएं हुईं। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाल में पाकिस्तानी बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) द्वारा एक जवान की हत्या को देखते हुए सीमा से सटे फोर्स की अग्रिम यूनिट को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।