डिगियाना में नेशनल हाइवे पर शनिवार की शाम को राजस्व मंत्री जावेद मुस्तफा मीर की गाड़ी के सामने एक युवक अचानक आ गया और उसने गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मंत्री के चालक ने गाड़ी रोकी तो सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी युवक को दबोच कर डिग्यिना पुलिस के हवाले कर दिया।
मंत्री के चालक मोहम्मद आमीन की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ तोड़फोड़ का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी डिग्यिना का ही रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक राजस्व मंत्री शनिवार को कठुआ से जम्मू की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह नेशनल हाइवे, डिग्यिना के नजदीक पहुंचे। वहां सड़क किनारे उनकी गाड़ी के आगे आकर एक युवक बुरा भला कहने लगा।
इससे पहले कि राजस्व मंत्री कुछ समझ पाते, उसने गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे गाड़ी पर लगा झंडा अपनी जगह से हिल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को चौकी ले गई। वहां से आरोपी को गांधीनगर थाने भेज दिया। इस घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।