अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन पुलिस ने ठगी के मामले में एक महिला को हिरासत में लिया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपी महिला रूपा बनर्जी मूल रूप से राजस्थान कोटा और वर्तमान में कमल नगर केरन बनतालब में रहने वाली बताई गई है।
कमल नगर निवासी महिला शैलेंद्र कुमारी ने चिनौर पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि आरोपी महिला जो उनके घर किराए के मकान में रहती है, ने उनसे दो लाख रुपये लेकर उन्हें संदूक में रखने को कहा था।
उसने भरोसा दिलाया था कि संदूक को एक महीने बाद खोलने पर उसमें से तीन लाख रुपये निकलेंगे। जब कुछ दिन बाद संदूक खोला तो उसमें से दो लाख रुपए भी गायब पाए गए। उसने रूपा बनर्जी से रुपयों के बारे में पूछा तो उसने इसको लेकर नानुकर करना शुरू कर दिया।
जब उसने रुपयों को देने से इंकार कर दिया तो मजबूरी में पुलिस को लिखित शिकायत दी गई, जिसके बाद चिनौर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 420 के अंतर्गत मामला दर्ज कर महिला को हिरासत में ले लिया।