जेएंडके बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन के परीक्षा केंद्र पर धड़ल्ले से नकल करवाने के आरोप में सुपरिंटेंडेंट सहित पांच आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने अदालत में चालान पेश किया है।
क्राइम ब्रांच ने शिकायत के आधार पर इस संबंध में आरपीसी की धारा 419, 420, 120-बी के तहत मामला दर्ज कर जांच की थी। शिकायत के अनुसार कीरपिंड स्थित न्यू माडल इंस्टीट्यूट में 245 नंबर परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
इस केंद्र पर कोटली शाहदौला (आरएस पुरा) का युवक प्रभजोत सिंह एक अन्य छात्र परविंदर सिंह के स्थान पर परीक्षा दे रहा है। इसके अलावा कई छात्र केंद्र के परीक्षकों की मिलीभगत से खुलेआम नकल कर रहे हैं।
क्राइम ब्रांच के अनुसार जांच में पता चला कि एक छात्र की फोटो परीक्षार्थी के फार्म वाली फोटो से नहीं मिल रही थी। पूछताछ में पता चला कि वह आरएस पुरा स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र है। बाद में उसने स्वीकार किया कि वह अन्य छात्र के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।
उसने यह भी बताया कि इसकी जानकारी सुपरिंटेंडेंट शमशेर सिंह को भी है। मौके पर ही सीजर मेमो बनाकर उसकी उत्तर पुस्तिका, रोल नंबर शीट और उपस्थिति शीट को सीज किया गया। जांच में पता चला कि केंद्र में तैनात स्टाफ की मदद से धड़ल्ले से मास कापिंग चल रही है।
इसके बाद शमशेर सिंह, पवन कुमार, प्रभजोत सिंह (तीनों कोटली शाहदौला), परविंदर सिंह (पिठांडू) और सुखबीर सिंह (कीरपिंड) के खिलाफ केस दर्ज किया गया। जांच पूरी करने के बाद क्राइम ब्रांच ने सीजेएम (जम्मू) की अदालत में चालान पेश किया।