गंग्याल थाना के अंतर्गत साईं संजोग पैलेस के नजदीक बुधवार की दोपहर को एक बेकाबू सैन्य वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
इस हादसे में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी बंदूरख, कुंजवानी निवासी मोहिंद्र कौर (55) की मौत हो गई। मोहिंद्र कौर ने इलाज के दौरान जीएमसी में दम तोड़ा, जबकि बेटा सतबीर सिंह गंभीर रूप से घायल है।
गंग्याल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है। आईओ अमर चंद के मुताबिक मोहिंद्र कौर अपने बेटे सतबीर सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर बंदूरख से डिग्यिना अपने किसी रिश्तेदार के घर आ रही थी कि तभी साईं संजोग पैलेस के नजदीक पीछे से आ रहे सैन्य वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मोहिंद्र कौर बाइक से नीचे गिरी और खून से लथपथ हो गई। उन्हें जीएमसी में दाखिल करवाया। वहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है।
जबकि सतबीर सिंह को भी चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। जल्द ही फरार आरोपी वाहन चालक को ढूंढ लिया जाएगा।