शहर में दो अलग अलग स्थानों पर चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। एक घटना मार्वेल मार्केट की है, जहां इलेक्ट्रानिक्स की दुकान से लाखों रुपये का सामान चोरी हुआ। वहीं दूसरी घटना गांधी नगर की है, जहां कोआपरेटिव की दुकान से दिनदहाड़े एक परिवार ने हजारों रुपये गल्ले से चोरी कर लिए।
दोनों घटनाओं का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी तक किसी मामले में सुराग हाथ नहीं लग पाया है। मार्वेल मार्केट में मुख्य सड़क पर स्थित संधु ट्रेडिंग पर चोरोें ने सेंध लगाई। जसपाल सिंह संधु ने बताया कि दुकान से 250 के करीब इनवर्टर, 14 से 15 एसी के इनर, 8 एलईडी, 7 आर ओ, बैटरियां आदि चोरी हुई हैं।
चोरी करने से पहले चोरों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा की तार भी उतार दी, ताकि फुटेज न आए। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे हुए थे। छन्नी हिम्मत पुलिस स्टेशन में इसे लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं गांधी नगर के गोल मार्केट में कोआपरेटिव स्टोर पर भी चोरी हुई।
बताया जा रहा है कि दोपहर को करीब 12 बजे एक दंपति अपने 15 साल के बेटे और इतनी ही आयु की बेटी के साथ स्टोर में पहुंचे। उन्होंने एक बाल्टी लेने की मांग की।
इसके बाद स्टोर पर बैठा व्यक्ति बाल्टी लेने गया। इतने में दंपति के साथ आए लड़के ने गल्ले से करीब 35 हजार रुपये नकदी निकाली और अपनी मां को दे दिया। यह सब स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने इसकी फुटेज ले ली है। गांधी नगर पुलिस स्टेशन में इसे लेकर केस दर्ज कर लिया है। चोरों की तलाश जारी है।