शनिवार को बिक्रम चौक से लापता होने वाले दुकानदार का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने उनकी तलाश में कई स्थानों पर छानबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
नेहरू मार्केट पुलिस चौकी प्रभारी मोहम्मद इकबाल के अनुसार घर वालों ने भी अभी तक किसी पर कोई शक या किसी तरह की नाराजगी की आशंका जाहिर नहीं की है। पुलिस ने जीएमसी के अलावा अन्य संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला।
हालांकि पुलिस को सूचना मिली है कि संभवतया दुकानदार नरेश शर्मा उत्तर प्रदेश या बिहार स्थित अपने किसी गुरु के आश्रम में चले गए हैं, जिसकी तफ्तीश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि कुछ साल पहले भी एक बार वह नाराज होकर किसी मंदिर में चले गए थे, लेकिन बाद में वह लौट आए थे।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को नरेश शर्मा उर्फ रूबी (निवासी नानक नगर, सेक्टर 3, मकान नंबर 144-145) रोजाना की तरह सुबह दुकान पर पहुंचे। दुकान खोलने के बाद उन्होंने नौकर को चाय लेने के लिए भेजा।
वह जब चाय लेकर लौटा तो नरेश काउंटर पर नहीं थे। उसके बाद से ही नरेश की कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस के अनुसार उसके मोबाइल रिकार्ड को भी खंगाला गया है, लेकिन अभी तक कोई खास बात नहीं मिली है।