जैसे-जैसे दिवाली नजदीक आ रही शहर में चोरी की वारदातों में इजाफा हो रहा है। बीते दिनों की वारदातों पर गौर करें, तो बेखौफ चोर कहीं से सोने के गहने उड़ाने में कामयाब रहे, तो कहीं मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर लिया। मामला तब प्रकाश में आया, जब पीड़ितों ने संबंधित थानों में शिकायतें दर्ज करवाईं।
दो दिन पहले चोरों ने रूप नगर इलाके में आफताब मीर के घर से इलेक्ट्रानिक्स का सामान चुरा लिया। इसके अलावा लोअर रूप नगर में सोहन गुप्ता के घर से सोने के गहने, दो मोबाइल, एक घड़ी, हजारों रुपये कैश समेट लिए। दोनों मामलों की एफआईआर जानीपुर थाने में दर्ज करवाई गई है।
त्रिकुटानगर थाना क्षेत्र में भी चोरों ने दुस्साहस दिखाया। यहां चोर गिरोह ने मोटरसाइकिलों पर हाथ साफ किया। बताया जाता है कि पक्की डक्की निवासी सुधांशु सूरी किसी काम से त्रिकुटानगर इलाके में पहुंचे थे। वहां उन्होंने मोटरसाइकिल लगाई थी। कुछ समय बाद लौटे तो मोटरसाइकिल नहीं थी।
गांधीनगर इलाके से भी कुछ दिन पहले चोरी मोटरसाइकिलपुलिस अभी तक बरामद नहीं कर पाई है। बिश्नाह के रमण कुमार की बाइक भी सात अक्टूबर को ग्रीन पार्क के नजदीक से चोरी हो गई, जिसके बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।
रमण के मुताबिक उन्होंने कई बार थाने में जाकर इस संबंध में पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। बनतालाब निवासी किशोर कौल की बाइक को चोरों ने 21 अगस्त को गांधीनगर इलाके में निशाना बनाया।
इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों से दो दर्जन से ज्यादा चोरी की वारदात होने की बात सामने आई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल बन रहे हैं।