शनिवार की रात को चोरों ने तीन धार्मिक स्थलों में चोरी कर ली। गांव कोटली शाह दौला में गुरुद्वारे और मंदिर से चोर हाथ साफ कर ले गए। यहां से नकदी और आभूषण चोरी हुए हैं।
चोरों ने गुरुद्वारे के पाई के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर लिया। इसके बाद गुरुद्वारे का मुख्य ताला तोड़ दिया। इसके बाद वह गोलक से नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
चोरो ने इसी गांव के कबीर मंदिर और शिव मंदिर में माता पार्वती के सोने के आभूषण और दानपात्र से रुपये चुरा लिए। एक साथ तीन धार्मिक स्थलों में चोरी होने से लोगों में रोष है।
रविवार की सुबह चोरी का पता चलने पर ग्रामीणों ने आरएस पुरा पुलिस को खबर दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। आरएस पुरा पुलिस थाना प्रभारी भूषण मन्हास का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र में सक्रिय चोरों को पकड़ने के लिए मुहिम चलाई जा रही है।