मछलियां नागबनी निवासी पुलिसकर्मी मोहन सिंह (पप्पी) का शव घर के पास ही खेत में पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारा। पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को मृतक के कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है। रविवार सुबह लोगों ने नागबनी मछलियां में खेतों में पेड़ से लटका शव देखा।
देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने पास जाकर देखा तो शव गांव के ही मोहन सिंह का निकला। आननफानन में उसके परिजनों को सूचना देने के बाद दोमाना पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी जयपाल शर्मा ने लोगों की सहायता से शव को नीचे उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी भेज दिया।
सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए पत्नी अनीता की भाभी को जिम्मेदार ठहराया है। उसने लिखा है कि उसकी पत्नी जब दो महीने पहले घर से गई थी तो बह रामबन में तैनात था। लेकिन उसकी पत्नी ने अपनी भाभी के साथ मिलकर उसके और परिवार वालों के विरुद्घ केस कर दिया। अनीता की भाभी अदालत में तैनात है और वह कुछ भी कर सकती है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अनीता देवी ने पति और अन्य लोगों पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद उसने वुमेन सेल में भी पति और ससुराल वालों के विरुद्घ केस दर्ज करवाया था। शनिवार को भी दोनों को वुमेन सेल में बुलाया गया था।