एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ छात्रा से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार छात्रा अरनिया क्षेत्र के एक निजी स्कूल में पढ़ती है। वह दसवीं की छात्रा है। आरोपी प्रधानाचार्य स्कूल में ही छुट्टी के बाद ट्यूशन पढ़ाता था।
तीन दिन पहले उसने ट्यूशन के बाद बाकी विद्यार्थियों को घर जाने के लिए कह दिया, लेकिन छात्रा को ओवरटाइम पढ़ाने की बात कह कर रोक लिया। अन्य विद्यार्थियों के जाते ही प्रधानाचार्य ने छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा किसी तरह बचकर घर पहुंची।
आरोपी की हरकत से भयभीत छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। तीन दिन लगातार स्कूल जाने से मना कर देने से उसकी मां ने उससे कारण पूछा। इस पर छात्रा ने सारी घटना बता दी।
इसके बाद परिवार के सदस्यों ने अरनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा के बयान लिए हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गौरतलब है कि आरोपी और छात्रा एक ही गांव के रहने वाले हैं।