ऊधमपुर जिले के घोरड़ी-बरमीन मार्ग पर रूआबाग क्षेत्र में मेटाडोर खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 53 लोग जख्मी हो गए। हादसे का कारण चालक का मेटाडोर को तेज रफ्तार से चलाने के कारण माना जा रहा है। मेटाडोर से चालक ने नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित होकर मेटाडोर सड़क से करीब 60 फुट नीचे खाई में जा गिरी।
घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शी मुल्खराज ने बताया कि मेटाडोर करीब तेज रफ्तार से जा रही थी और मेटाडोर की छत पर भी सवारियां बैठी हुई थीं। रूआबाग में डाइवर्जन पर ब्रेक न लगने के कारण चालक मेटाडोर से नियंत्रण खो बैठा। मेटाडोर के छत पर भी सवारियां होने के कारण मेटाडोर अनियंत्रित होकर 60 फुट नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर उपस्थित लोगों द्वारा घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की गई। मृतकों और घायलों में ज्यादातर स्कूली विद्यार्थी थे। हादसे में मौके पर ही एक छात्र ने दम तोड़ दिया, जबकि दो की अस्पताल पहुंचते समय और एक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतकों में बिशना देवी (45) निवासी संगूर, प्रीति देवी (17) निवासी सुलगार और अनिल शर्मा (15) निवासी अंबालैड़ और सुशील कुमार (16) निवासी बरमीन शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।