राजोरी जिले के कालाकोट पुलिस थाने के अंतर्गत पड़ने वाले एक गांव से अपहृत की गई युवती को पुलिस ने कश्मीर घाटी के टंगधार क्षेत्र से बरामद किया है। जानकारी के अनुसार टंगधार निवासी अशफाक अहमद कालाकोट में कहीं काम करता था। पिछले काफी समय से वह युवती के संपर्क में था।
करीब एक हफ्ता पहले वह बहला फुसला कर युवती को अपहरण कर अपने साथ ले गया। पीडि़ता के परिवार ने अपने स्तर पर छानबीन करने के बाद पुलिस में रिपोट दर्ज करवाते हुए बताया था कि आरोपी युवक उसे किडनैप कर ले गया था। युवती को आखिरी बार उसी आरोपी युवक के साथ देखा गया था।
एसएचओ कालाकोट मोहम्मद इकबाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की। पुलिस ने सूत्रों से पता लगा लिया कि आरोपी युवक को घाटी में ले गया है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की और युवती को बरामद कर आरोपी को धर दबोचा। युवती को मेडिकल जांच के बाद परिवार को सौंप दिया गया, जबकि आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।