कसबे में वीरवार रात को चोरों ने पांच दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इससे अन्य दुकानदारों में दहशत का माहौल है। वह दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार चोरों ने दुकानों के ऊपर बनी मोंटी का दरवाजा तोड़ कर वारदातों को अंजाम दिया। मुख्य बाजार में स्थित सुरेश रेडिमेड शाप एंड कास्मेटिक के मालिक ने बताया कि चोर तीसरी मंजिल पर दरवाजा किसी लोहे की राड से तोड़ कर दुकान के अंदर घुसे और नोटों के हार सहित नकदी व कुछ अन्य सामान ले उडे़।
बताया जाता है कि उसके बाद चोरों ने पीछे वाली मार्केट में चार दुकानों को निशाना बनाया। इसमें बंटी दी हट्टी की दो दुकानों में घुसे। वहां भी चोरों ने दुकान को खंगाल डाला। लेकिन, ज्यादा कुछ नहीं मिला।
चोर दुकान में पड़ी नकदी समेटी। वहीं दूसरी दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरा भी लेते गए। चोरों ने विशाल क्लाथ हाउस को भी निशाना बनाया। यहां चोरों ने दुकान के अंदर रखी कुछ नकदी समेटी।
इसके बाद पांचवीं दुकान गुप्ता हैंडलूम एंड दुपट्टा हाउस के अंदर पहुंचे। यहां भी चोरों को दुकान के अंदर पड़ी नकदी हाथ लगी।
दुकानदारों का कहना है कि चोरों ने जिन दुकानों को निशाना बनाया है, उसकी पहले रेकी की गई होगी, क्योंकि चोरों को अच्छी तरह पता था कि कहां वह सफल हो सकते हैं।
वारदात के बारे में पता चलने पर एसडीपीओ बाड़ी ब्राह्मणा और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।