सिटी थाना के अंतर्गत नगर निगम टाउन हाल से सटे सरकारी क्वार्टर के नजदीक किराए के मकान में रहने वाले एक इंजीनियर की सोमवार की मध्यरात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक भागवा, डोडा निवासी रोहित के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार के सदस्यों को सौंप दिया। इसके साथ ही रोहित के रूम मेट अरुण कुमार के खिलाफ धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया है।
एसएचओ शक्ति शर्मा के मुताबिक सोमवार की देर रात को उन्हें सूचना मिली कि रोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत खराब हो गई। रोहित को जीएमसी पहुंचाया गया। जहां कुछ घंटों के बाद उसकी मौत हो गई। रोहित इंजीनियर था और चार वर्ष से जम्मू में रह रहा था और मीरां साहिब स्थित आर्मी स्कूल में वह पढ़ाने के लिए जाता था।
इस मामले में पुलिस ने पहले धारा 174 के तहत कार्रवाई की, लेकिन तभी रोहित के एक दोस्त ने पुलिस को बताया कि उसके साथ कमरे में रहने वाले अरुण कुमार ने रोहित को नशे का इंजेक्शन दिया था, जिससे रोहित की मौत हुई है।
एसएचओ के मुताबिक रोहित के दोस्त द्वारा दी गई जानकारी के बाद अरुण के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। मामले में जांच चल रही है।