नशे के सौदागर खतरनाक नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। इसमें हेरोइन, ब्राउन शूगर और कोकेन जैसे पदार्थ शामिल हैं। वीरवार को पुलिस द्वारा पकड़ा जाने वाला गिरोह भी इसी का हिस्सा है।
इसका मुख्य सरगना जाने-माने पूर्व तस्कर सर्र्फू का भाई काला है। सर्फू का पूरा परिवार इस धंधे में शामिल है। इनमें से सर्फू की पत्नी, दोनों बेटे, भाई शामिल हैं। शुक्रवार को आईजीपी जम्मू दानेश राणा ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि वीरवार को पुलिस ने भारत-पाक सीमा पर तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने तीन महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन इसमें दो महिलाओं को पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
करोड़ों रुपये का ड्रग्स हाथ लगा
इसके अलावा अन्य व्यक्ति को भी छोड़ दिया, लेकिन सर्फू की पत्नी प्रीतो देवी को गिरफ्तार किया गया है। जिस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आईजीपी दानेश राणा ने बताया कि इस पूरे मामले का मुख्य सरगना सर्फू का भाई अजित कुमार (काला) है। पुलिस को सूचना मिली थी कि नशीले पदार्थों का एक बड़े जखीरे की सप्लाई होने वाली है।
इसके आधार पर पुलिस ने बख्शी नगर के मजदूर कालोनी में छापा मारा, लेकिन काला और प्रीतो को इसकी जानकारी मिल गई और दोनों भाग निकले। पुलिस ने छापेमारी कर प्रीतो को पकड़ लिया, लेकिन काला अभी फरार है।
इनके पास से चार किलो नशीले पदार्थ मिले, जिनकी कीमत अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में करोड़ों रुपये है। इसके अलावा नौ लाख रुपये की भारतीय करंसी बरामद की। दो नोट पांच-पांच सौ के जाली मिले। नौ मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
सर्फू मर गया, लेकिन चलता रहा धंधा
भारत-पाक सीमा से तस्करी करने वाले सर्फू को तीन साल पहले दिल्ली में तस्करी करते पकड़ा गया था। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। यहां उसकी मौत हो गई, लेकिन इसके बाद सर्फू का परिवार इस कारोबार को चलाता रहा। सर्फू के दोनों बेटे संजय और सनी पहले ही पंजाब पुलिस द्वारा पकड़े गए हैं और वे अमृतसर जेल में बंद हैं। सर्फू की पत्नी और भाई काला इस काम को चलाते थे।
पुलिस कर रही जांच
पकड़ा गया जखीरा कहां से आया, कहां जाना था, इस गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह जखीरा कितना पुराना था, सर्फू के परिवार और रिश्तेदारी में कौन-कौन लोग इसमें शामिल है, इन सारे सवालों के जवाब में आईजी ने कहा कि पुलिस इसकी जांच कर रही है। इस तस्करी के क्रास बार्डर तस्करी और अन्य राज्यों से जुड़ने वाले तार से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
नशा तस्कर शेरा पुलिस के हत्थे चढ़ा
आईजी ने यह भी खुलासा किया कि पुलिस ने एक और नशा तस्कर शेरा को गिरफ्तार किया है। इसके पास से नशीले कैप्सूल पकड़े गए हैं। इसका साथी पदम भी पकड़ा गया है।