हरियाणा से जम्मू आ रही हरियाणा रोडवेज की एक बस से शव बरामद हुआ है। पुलिस ने इसे लेकर 174 में मामला दर्ज किया है। शहर के बस स्टैंड के बाहर बीसी रोड पर खड़ी बस से शव बरामद हुआ है।
बताते चलें कि बस स्टैंड में बाहरी राज्यों से आने वाली बसों में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पंजाब के सुजानपुर में जहरखुरानी गिरोह यात्रियों को अपना शिकार बना रहा है। जिस पर कार्रवाई नहीं हो रही। शव की पहचान कर ली गई है।
बस नंबर (एचआर 55यू, 9440) हरियाणा से कटड़ा आ रही थी। सोमवार सुबह तड़के तीन बजे बस बस स्टैंड के बाहर बीसी रोड पहुंची। बस में तब 30 अन्य यात्री भी थे। मृतक मंजीत सिंह कठुआ का रहने वाला है, जो दिल्ली के एक होटल में काम करता था।
उसे कठुआ उतरना था, लेकिन मौत होने के कारण जम्मू तक पहुंच गया। बस के जम्मू पहुंचने पर सभी यात्री उतर गए। जब चालक और कंडक्टर बस को जांचने पहुंचे तो एक यात्री को सोया हुआ देख उसे जगाने की कोशिश की गई, लेकिन वह हिला नहीं।
चालक ने बस स्टैंड पुलिस को सूचित किया। एसएचओ भूषण सिंह मन्हास ने बताया कि मंजीत सिंह को मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक-परिचालक से पूछताछ की जा रही है।
मृतक के शरीर पर कोई घाव नहीं है। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि मृतक जहरखुरानी गिरोह का शिकार हुआ हो। पिछले दो हफ्तों के भीतर इस क्षेत्र में यह चौथी मौत है।