बाइक चुराने वाले एक चोर को पुलिस की अवतार टीम ने पकड़ा है। चोर ने चार बाइक चुराने की बात कबूली है।
माना जा रहा है कि उससे अभी और बाइक बरामद हो सकती हैं। वह लंबे समय से चोरियां करता आ रहा है और उसके खिलाफ तीन थानों में केस भी दर्ज हैं। वीरवार को गंग्याल के बंधु रख के पास लगाए गए नाके के दौरान आरोपी को पकड़ा गया है।
एसएचओ एजाज वानी का कहना है कि पुलिस की ओर नाका लगाया गया था। तभी एक युवक नाके से भाग गया। उसका पीछा करने पर रंजीत कालेज के पास पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर जब बाइक के दस्तावेज चेक किए तो कोई भी दस्तावेज उसके नाम का नहीं निकला।
जोर देकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उक्त बाइक उसने गंग्याल के माडल गार्डन से चुराई थी। उसने बताया कि गंग्याल से जेके02बीएस 3059, आरएस पुरा के आगरा चक से जेके02बीसी,1304 और आरएस पुरा के ही वार्ड नंबर 7 से उसने एक अन्य बाइक चुराई।
आरोपी संजीव कुमार आरएस पुरा के वार्ड नंबर चार का रहने वाला है। सतवारी पुलिस स्टेशन में भी आरोपी के खिलाफ बाइक चुराने का केस दर्ज है। बताया जाता है कि गंग्याल पुलिस की अवतार टीम ने इसे पकड़ा है।