खाताधारक कोई और लोन दे दिया किसी और को। ऐसे 23 मामले जांच के बाद सामने आए हैं पुलवामा जिले के एक बैंक में। पुलवामा जिले में एक बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड में कथित धांधलियों पर स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (सिट) का गठन किया गया है।
पिछले महीने ही बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड पर लोन मामले में धांधली का मामला सामने आया था। पुलिस के अनुसार पुलवामा के इलाकाई देहाती बैंक की खाताधारक ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी।
खाताधारक महिला ने पुलिस को बताया कि बैंक की तरफ से उसे नोटिस आया है कि उसने लोन को लेकर किस्त अदा नहीं की, जबकि उसने किसी प्रकार का कोई लोन नहीं लिया था।
इसके बाद पुलवामा के डीएसपी हेडक्वार्टर की ओर से इस मामले की जांच शुरू की गई। जांच में जुटी सिट ने बैंक का 2014-15 का रिकार्ड सीज कर लिया है। जितने लोगों को किसान क्रेडिट कार्ड के आधार पर लोन दिया गया, उनका रिकार्ड जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि 23 खाताधारकों के नाम पर फर्जी लोन दिए गए। इन खाताधारकों ने किसी प्रकार का लोन एप्लाई नहीं किया, बावजूद इसके उनके नाम पर किसी अन्य लोगों को लोन दिया गया। सिट की जांच में यह भी पता चला है कि बैंक में कई बेनामी खाते हैं, जिनका कोई अता-पता नहीं है।