रामबन जिला के गुडबेर इलाके में सुरक्षा बलों ने शनिवार को एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं।
सैन्य प्रवक्ता के अनुसार एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर नछलाना स्थित राष्ट्रीय राइफल्स की बटालियन और जेएंडके पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान दो पिस्टल, भारी मात्रा में गोलियां और युद्ध में उपयोग होने वाला सामान बरामद हुआ। सेना के अनुसार आतंकियों ने किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से उक्त स्थान पर हथियार छुपा रखे थे।
इलाके में आतंकियों की तलाश में अभियान छेड़ा गया है। उधर मांजाकोट पुलिस ने शनिवार को पास के जंगल से सर्च ऑपरेशन चलाकर हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।
इसमें एक एके 47 की मैगजीन, एक पिस्तौल, एक यूजीबीएल ग्रेनेड, एक आईडी तार का बंडल और एक आईडी स्विप शामिल है। पुलिस ने इसे लेकर अन्य जगहों पर तलाशी अभियान भी चलाया।