शहर के सरकारी पीजी कॉलेज की दीवारों पर देश विरोधी नारे लिखे होने से पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई है।
शहर के खेरवा स्थित सरकारी पीजी कॉलेज की बाउंड्री वॉल पर गो इंडिया गो बैक व वी वांट फ्री कश्मीर के नारे पांच जगहों पर लिखे गए हैं। चॉक से लिखे गए देशविरोधी नारों को लिखने के बाद मिटाने का प्रयास भी किया गया है, लेकिन मिटाने वाले सही तरह से मिटा नहीं पाए व लिखा हुआ साफ साफ पढ़ा जा रहा है।
सरकारी पीजी कॉलेज की दीवार पर देश विरोधी नारे लिखे होने से पुलिस व अन्य खुफिया एजेंसियों की नींद उड़ गई है। पुलिस व अन्य एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुट गई हैं कि किसने नारे लिखे हैं।
इस संबंध में एसएसपी राजोरी राजेश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि वहां कुछ लिखने के बाद मिटा दिया गया है। एसएसपी के अनुसार कॉलेज के प्रिंसिपल से बात कर गहन जांच कर शरारती तत्वों को पकड़ा जाएगा।
कॉलेज के प्रिसिंपल प्रो. शब्बीर हुसैन शाह ने बताया कि वे इन दिनों शहर से बाहर हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज के मुख्य गेट व अंदर कई स्थानों पर सीसीटी कैमरे लगे हुए हैं। गेट पर लगा कैमरा दीवार को भी कुछ हद तक कवर करता है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर उन लोगों का पता लगाया जाएगा, जिन्होंने देशविरोधी नारे लिखे हैं।