कुपवाड़ा। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के राजपोरा पुलिस स्टेशन के बाहर संदिग्ध हलचल देखकर संतरी ने हवाई फायरिंग की। इससे इलाके में दहशत फैल गई। कुलगाम जिले के खुडवानी इलाके में भी फायरिंग की आवाज सुनी गई। बताते हैं कि संदिग्ध हलचल के बाद सेना ने हवाई फायरिंग की थी। पुलवामा जिले के त्राल के गुलशनपोरा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर कासो चलाया गया। सभी इंट्री तथा एक्जिट प्वाइंट्स को सील कर तलाशी ली गई।
इससे पहले आतंकियों ने दो जगहों पर ग्रेनेड हमले किए। इसमें एक जगह संयुक्त नाका पार्टी तथा दूसरी जगह नेकां नेता के घर को निशाना बनाया गया। घटना के दौरान नेकां नेता अशरफ भट परिवार वालों के साथ घर पर मौजूद थे जो सहम गए। घटना के बाद आतंकी भाग निकले। भट ने कहा कि दरअसल यह दक्षिणी कश्मीर में स्थानीय लोगों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई का नतीजा है। सरकार की सीजफायर की घोषणा जमीनी स्तर पर कहीं नहीं दिखाई दे रही क्योंकि आए दिन लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड रहा है। कहा कि कई अन्य लोगों ने भी चुनाव में भाग लिया है, लेकिन पता नहीं क्यों हर बार उन्हें ही निशाना बनाया जाता है।