दोमाना। अमनदीप हत्याकांड की जांच पंजाब तक पहुंच गई है। हत्याकांड के साक्ष्यों को जुटाने के लिए पुलिस का एक दल पंजाब के अमृतसर गया है। कानाचक्क पुलिस ने एक सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व एक टीम वहां पर एक अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज को खंगालेगी। इसके अलावा वहां के रिकार्ड की जांच भी करेगी।
शुक्रवार को कानाचक्क पुलिस ने शक के आधार पर एक पुरुष और एक महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। दोनों उस घर के निवासी हैं जिस घर के पीछे की दीवार से साथ अमनदीप की चप्पल और खून के निशान मिले थे। पुलिस को शक है कि इसी घर या आस पास के किसी व्यक्ति ने अमनदीप पर बुधवार और वीरवार की मध्यरात्रि को संदिग्ध परिस्थितियों में अज्ञात व्यक्ति ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया था। वीरवार सुबह अमनदीप का शव क्षेत्र के ही सरकारी गर्ल्स प्राइमरी स्कूल के परिसर में मिला था।
एसपी रूरल शिव दीप सिंह जमवाल का कहना था कि मृतक के परिजनों ने भी उसी घर के लोगों पर हत्याकांड में शामिल होने का शक जताया था जिस घर के पीछे अमनदीप पर हमला किया गया था। उन लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसी सिलसिले में जांच टीम अमृतसर गई है। क्यों कि हिरासत में लिया गये व्यक्ति के अनुसार वह उस रात अमृतसर में अपने पिता को इलाज के लिए लेकर गया था। पुलिस इस बात का पता लगाएगी कि सही में वह व्यक्ति उस रात अमृतसर में था कि घर आया था। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्दी ही इस हत्याकांड से परदा उठ जाएगा।