निजी कंपनी के कर्मियों द्वारा लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। कंपनी के मान्यता प्राप्त हस्ताक्षरित की शिकायत पर केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है। घटना गांधी नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
त्रिकुटा नगर स्थित सीएमएस इफो सिस्टम लिमिटेड के सरदारी लाल ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी में काम करने वाले पल्ली सांबा के रहने वाले दीपक कुमार को उन्होंने कंपनी के पैसों के लेन-देन
की डिलीवरी के लिए मान्य किया हुआ है।
जम्मू लोकेशन के लिए वह पैसों का लेन-देन करता है। उसने अपने साथियों बख्शी नगर के रहने वाले हरविंदर सिंह, छन्नी के रहने वाले अशोक कुमार, सांबा के विजयपुर के वार्ड चार के रहने वाले सुमित कुमार, विजयपुर पिंड के संजय कुमार, विजयपुर वार्ड दस के अंकुश गुप्ता, वार्ड तीन विजयपुर का विभीषण कुमार के साथ मिलकर 69,90,797 रुपये की धोखाधड़ी की है।
यह सारा पैसा कंपनी के क्लाइंट से इकट्ठा किया गया है। बताया जाता है कि लंबे समय से पैसे नहीं आने के बाद जब कंपनी ने अपने क्लाइंट से जानकारी लेनी चाही तो पता चला कि वह लोग कंपनी को पैसे दे चुके हैं।
इसके बाद कंपनी ने जांच में पाया कि पैसों के लेन-देन करने वाले कर्मी ने ही ऐसा किया है। इसके बाद पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई। एसपी शहजाद सलारिया का कहना है कि उन्होंने स्पेशल टीम का गठन कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया है। गांधी नगर पुलिस स्टेशन में इसे लेकर 409, 403, 120 के तहत कार्रवाई की जा रही है।