राजोरी। राजोरी डे पर आयोजित कार्यक्रम में सेना की 16 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सरनजीत सिंह ने कहा है कि सीमा पार 150-200 आतंकी घुसपैठ के लिए तैयार हैं। उन्हाेंने कहा है कि पाकिस्तान इन आतंकियों को एलओसी से इस पार घुसपैठ करवाने की फिराक में है, लेकिन भारतीय सेना की सतर्कता के कारण उसे इसमें कामयाबी नहीं मिल रही है।
उन्होंने सुंदरबनी में कुछ समय पहले हुई घुसपैठ के बारे में कहा कि फेंसिंग को पार करना असंभव नहीं होता है। हालांकि उन्होंने इस बात से इनकार किया किया सुंदरबनी में ढेर किए गए चारों आतंकी फेंसिंग काट कर इस पार आए थे। उन्होंने कहा कि उन चारों आतंकियों का इरादा भारतीय सेना, स्थानीय लोगों या सिविल प्रशासन को नुकसान पहुंचाना था, लेकिन भारतीय सेना के बहादुर जवानों ने उससे पहले ही उन्हें ढेर कर दिया। जीओसी ने आतंकवादियों के ओजीडब्ल्यू के बारे मेें कहा कि ओजीडब्ल्यू न के बराबर हैं। अब किसी इलाके में एक या दो हैं और उन पर हमारी कड़ी नजर है। उन्होंने कहा कि जिले की अवाम हर कदम पर सेना के साथ है।
संघर्ष विराम को रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों को लेकर जीओसी ने बताया कि जो कदम उठाने चाहिए, हमारी सेना उसके काबिल है। पाक का संघर्ष विराम के दौरान सेना की पोस्टों व सिविल इलाकों को निशाना बनाने के प्रयास को भी विफल बनाया जा रहा है। जीओसी ने कहा कि इस पार के लोग अमन चाहते हैं, खुशहाली चाहते हैं।