बंबूगढ़ बाईपास पर ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत में सास और दामाद की मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक पर सवार मासूम भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
हादसा गुरुवार की रात डिडौली कोतवाली क्षेत्र में बंबूगढ़ बाईपास का है। शहर कोतवाली के मोहल्ला अहमदनगर का रहने वाला शाहनवाज हुसैन बेटे को लेकर मुरादाबाद जा रहा था। बेटे का मुरादाबाद के एक चिकित्सका का इलाज चल रहा है। शाहनवाज के साथ बाइक पर उसकी सास सकीना बेगम भी थीं। शाहनवाज की बाइक जब डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हुसैनपुर गांव के निकट पहुंची तो सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से उनकी बाइक भिडंत हो गईं। दुर्घटना में शाहनवाज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल सकीना व मासूम को जिला अस्पताल से मुरादाबाद रेफर किया गया था। पुलिस मुताबिक, मुरादाबाद में उपचार के दौरान शुक्रवार को सकीना ने भी दम तोड़ दिया। दामाद-सास की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं। मृतक के भाई की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।