विजयपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग गुड़ा मोड़ में चोरों ने एक साथ चार दुकानों को निशाना बनाया। चोर उनमें रखा कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दुकानदारों की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर एक साथ चार दुकानों में चोरी होने से दुकानदार काफी परेशान हो उठे हैं।
जानकारी अनुसार गुडा मोड़ में स्थित दुकान के मालिक शिव दुर्गा पुत्र राममूर्ति निवासी विजयपुर, शिव शंभू पुत्र मोहनलाल, बलजिंदर सिंह पुत्र राजिंद्र सिंह और रामपाल में से तीन की दुकानें किराना की हैं। जबकि एक की फास्ट फूड की। चोर बुधवार की रात को शिव दुर्गा की दुकान से 55 सौ नकद और कुछ सामान लेकर फरार हो गए। इस संबंध में सब दुकानदारों ने विजयपुर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके अलावा चोरों ने अन्य दुकानों का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
थाना प्रभारी राकेश बंबा ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और चोरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि रात को शटर तोड़ने की जब जोर जोर की आवाज आई तो हम लोगों ने शोर मचाया। जिसे सुनकर चोरों को जो भी समान मौके से मिला लेकर फरार हो गए। उसके बाद हमने पुलिस को सूचित किया पुलिस मौके पर पहुंच गई।