पुंछ। बुधवार को नगर के निकटवर्ती गांव मंगनाड़ में कुछ संदिग्ध देखे जाने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने मंगनाड़ तथा आसपास के क्षेत्रों में घंटों तलाशी अभियान चलाया। हालांकि उनके हाथ कोई संदिग्ध नहीं लगा।
जानकारी के अनुसार बुधवार को तड़के गांव मंगनाड़ के कुछ ग्रामीणों ने मक्की के खेतों में कुछ संदिग्धों को देखा, जिनके पास हथियार भी थे। संदिग्ध देखे जाने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सुबह करीब साढ़े सात बजे पुलिस, एसओजी, सीआरपीएफ और सेना के जवानों ने गांव मंगनाड़ में तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षाबलों के जवानों ने गांव के चप्पे-चप्पे और खेत-खलिहानों, नालों को खंगाला, लेकिन सुबह 11 बजे तक चले अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध सुरक्षाबलों के हाथ नहीं लगा। इसके बाद तलाशी अभियान बंद कर दिया गया। ब्यूरो