पुंछ। जिले में एक बार फिर नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने वीरवार की देर रात सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना की 10 बलोच रेजीमेंट ने अपनी पोस्ट के बिल्कुल सामने पड़ने वाले माल्टी सेक्टर की बगयालदरा पंचायत के कलसां गांव को निशाना बनाकर यूनिवर्सल मशीनगनों ने अचानक गोलाबारी शुरू कर दी। इस दौरान गांव के एक घर में शादी समारोह में तेल की रस्म अदा की जा रही थी। इस बीच पाकिस्तान की तरफ दागी गई एक गोली 20 वर्षीय युवक के सीने को चीरते हुए पार निकल गई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना की चौकियों को भी निशाना बनाया, जिसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया।
युवक की पहचान मोहम्मद इखलाक के रूप में हुई है। इस घटना से शादी समारोह का माहौल मातम में बदल गया। शुक्रवार की सुबह कलसां गांव में गोलाबारी के बारे में सूचना मिलने पर पुंछ से एएसपी अनवर उल हक, अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त बिशारत हुसैन और थाना प्रभारी शविंदर सिंह पुलिस दल और राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल से चिकित्सक सखी मोहम्मद को साथ लेकर मृतक के गांव पहुंचे। पोस्टमार्टम तथा अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।