रामबन। रामसू के हींगनी में उतर रेलवे द्वारा निर्माणाधीन टनल के संपर्क मार्ग पर एक स्टील पुल ढह गया। इसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बनिहाल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार हींगनी से समबर खड़ी में उत्तर रेलवे द्वारा टनल का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार की सुबह करीब 11 बजे रेत से लदे दो डंपर इस पुल को पार कर रहे थे। निर्माणाधीन रेलवे टनल की ओर रेत से भरे डंपर जब इस पुल को पार कर रहे थे तो दोनों डंपर के वजन से पुल ढह गया। इस हादसे में दोनों डंपर के चालक और सह चालक घायल हो गये।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और रामसू पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए पीएचसी रामसू पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को उप जिला अस्पताल बनिहाल रेफर किया गया है। इस सिलसिले में रामसू पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2008 में बीसलारी नाला पर उत्तरी रेलवे द्वारा खड़ी सूंबर के बीच टनल तक पहुंचने के लिए यह पुल बनाया था, जो करीब करीब तीन सौ फीट लंबा है।