जम्मू। जीएमसी के जनरल स्टोर में भीषण आग की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल के सलाहकार के विजय कुमार के निर्देश पर क्राइम ब्रांच को जांच दी गई है। उन्होंने जीएमसी की प्रिंसिपल डा. सुनंदा रैना और अधीक्षक डा. दारा सिंह से आग की घटना की जानकारी ली। एफएसएल की टीम ने सोमवार को घटना स्थल से विभिन्न चीजों के नमूने उठाए। आग के कारणों के पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच की जाएगी। इस बीच सोमवार दूसरे दिन भी स्टोर में आग सुलगती रही। दो दमकल वाहनों ने शाम तीन बजे 19 घंटे बाद आग पर काबू पाया। धुएं के गुब्बार उठाने से स्टोर के ऊपर जम्मू-कश्मीर मेडिकल सप्लाई कारपोरेशन का कार्यालय बंद रखा गया। कार्यालय के बाहर लगे एसी के उपकरण को नुकसान पहुंचा है। जीएमसी अस्पताल प्रशासन ने बख्शीनगर थाने में मामला दर्ज करवाया है।
अस्पताल के प्रमुख जनरल स्टोर में अधिकांश सामान के स्वाह हो जाने से अस्पताल की सप्लाई प्रभावित होगी। अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल इस महीने की सप्लाई जारी कर दी गई थी, जिसमें आगामी महीनों की सप्लाई के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। स्टोर में मरीजों के लिए पट्टियां, काटन, ड्रग्स आदि जरूरी सामग्री रखी गई थी। रातभर दमकल वाहन आग पर काबू पाने के लिए लगे रहे। जिसके बाद सोमवार दोपहर कई बार सुलग कर आग दोबारा लग रही थी। स्टोर से सटे क्वार्टरों में कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य दिनभर सहमे रहे। स्टोर के साथ क्वार्टरों में धुआं फैला रहा।
--------
जरूरी चीजों की सप्लाई सुनिश्चित होगी : प्रिंसिपल
जीएमसी की प्रिंसिपल डा. सुनंदा रैना के अनुसार आग पर दूसरे दिन काबू पाया जा सका। अस्पताल में जरूरी चीजों की सप्लाई को सुनिश्चित बनाने के लिए उचित प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है।