उधमपुर/जिब। रैंबल थाना क्षेत्र के मंथल इलाके में बुधवार दोपहर को संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव बरामद हुआ है। महिला जम्मू के पक्की टक्की इलाके की रहने वाली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार दोपहर करीब ढाई बजे किसी ने महिला का शव झझर नाले में पड़ा देखा और इसकी सूचना टिकरी पुलिस चौकी में दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को जांच में पता चला कि महिला का नाम पूनम सिंह ( 35) निवासी पक्की टक्की जम्मू है। पुलिस ने इसकी सूचना महिला के परिवार को दे दी है। अब पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला कैसे झझर नाले में पहुंची है और उसके साथ क्या हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अभी तक जिला अस्पताल में ही रखा गया है। ब्यूरो